Friday 3 November 2017

आपके शरीर की असली उम्र क्या है?


क्या आपने अपनी तब की फोटो देखी है जब आप बहुत छोटे थे? तब आप कितने नाजुक और हल्के थे, और इतने छोटे कि अपने माता-पिता के हाथों में समा जाते थे। तब से लेकर अब तक आप कितने बदल गए हैं न! अब यह बतायें आप आप उम्र कितनी है?
हमारा पूरा शरीर बहुत सारी छोटी कोशिकाओं से बना होता है। चाहे हमारे शरीर के अन्दर के अंग हों, हमारी हड्डियाँ, नाखून, बाल, त्वचा, या आँख, सब अलग-अलग तरह की कोशिकाओं से बने होते हैं। यह कोशिकाएं हामारे पैदा होने से भी पहले से बनना शुरू हो गईं थी, जब हम अपनी माँ के गर्भ में थे। समय के साथ पुरानी कोशिकाएं मरती रहती हैं और उनके बदले नई कोशिकाएं बनते रहती हैं। अब बतायें आपकी उम्र कितनी है?
  • अलग-अलग अंगों की कोशिकाएं अलग-अलग समय तक जिन्दा रहती हैं।
  • हामारे सिर में हर बाल 2 से 7 साल तक रहता है, अगर हम इसे काटें नहीं। हर दिन हामरे लगभग 100 बाल गिरते हैं और उनकी जगह नए बाल उगते हैं।
  • हमारा पूरा नाखून लभग 6 महीने में नया उग जाता है।
  • हमारे पेट और आँतों के अन्दर की सतह एसिड, पित्त रस व अलग-अलग भोजन के संपर्क में आती है। इसलिए इनकी कोशिकाएं केवल कुछ दिनों बाद ही बदलनी पड़ती है।
  • हमारी त्वचा का बाहरी हिस्सा कुछ हफ्तों में पूरा नया हो जाता है और मरी हुई कोशिकाएं गिर जाती हैं। हमारे घर में होने वाली धूल में हमारे परिवार के सदस्यों की त्वचा की मरी हुई कोशिकाएं भी मौजूद होती हैं।
  • हमारा पूरा कंकाल तंत्र 10 साल में नया हो जाता है।
  • हमारी मांसपेशियों की कोशिकाएं 15 साल में नई हो जाती हैं।
  • हमारे दिमाग के कुछ भाग भी थोड़ी नई कोशिकाएं बनाते हैं।
  • हमारे खून में मौजूद सारी लाल रक्त कोशिकाएं हर 4 महीने में बदल जाती हैं। हमारे खून में हर मिनट में 10 करोड़ लाल रक्त कोशिकाएं बनती हैं और इतनी ही कोशिकाएं मर जाती हैं। आपने कभी सोचा है कि आप अलग-अलग रंगों के भोजन खाते हो पर आपका मल अक्सर भूरे रंग का क्यों होता है? या आप बेरंग पानी पीते हैं पर आपका मूत्र पीले रंग का क्यों होता है? यह रंग मरी हुई लाल रक्त कोशिकाओं के कारण ही है। हमारा शरीर इन मरी हुई कोशिकाओं को एक रसायन में बदल कर मल और मूत्र के जरिए बाहर निकाल देता है।
  • पर कुछ कोशिकाएं हैं जो हमारे साथ पूरे जीवन भर रहती हैं। जैसे- हमारे दिल की लगभग आधी कोशिकाएं, और हमारे दिमाग की ज्यादातर कोशिकाएं हमारे पैदा होने से भी पहले हमारे माँ के गर्भ में बन चुकी थीं। इसके अलावा हमारी आँखों का लेंस का सबसे अंदरूनी हिस्सा वैसा ही रहता है जैसा पैदा होते वक्त था।
  • तो अगली बार जब आप अपना जन्मदिन मनायें तो यह जरुर सोचें कि आपके शरीर की असली उम्र कितनी है? कुछ कोशिकाएं बिलकुल नई हैं, कुछ आपके पैदा होने के वक्त से हैं, और कुछ आपके पैदा होने से भी पहले से हैं।