Wednesday 29 August 2018

अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम का परिणाम, इंग्लैंड के लिये चाहे जो कुछ भी रहा हो, परन्तु विश्व इतिहास के लिये यह एक महत्त्वपूर्ण घटना थी”। इस कथन के समर्थन में तर्क प्रस्तुत करें।


अमेरिकी क्रांति का वास्तविक महत्त्व न तो स्पेन या फ्राँस के प्रादेशिक लाभों में था, न ही इंग्लैंड के साम्राज्य की अवनति में था, वरन् इसका वास्तविक महत्त्व इसके द्वारा विश्व को प्रदत्त आदर्शों व सिद्धांतों में था:-

➤ अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम के पश्चात नए जन्मे अमेरिका ने गणतंत्रवाद, जनतंत्र, संघवाद और संविधानवाद के रूप में चार आदर्शों को विश्व के समक्ष रखा। हालाँकि विश्व इन शब्दों से पहले से ही परिचित था, परन्तु इस क्रांति ने इन्हें जीवंतता प्रदान की। 

 यदि इंग्लैंड की क्रांति ने प्रतिनिधि सत्तात्मक प्रथा को जन्म दिया था तो अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम ने जनतंत्रात्मक प्रथा को जन्म दिया, जिसमें पहली बार सर्वसाधारण को मताधिकार प्राप्त हुआ।  

 इस क्रांति के बाद ही विश्व में लिखित संविधानों का प्रचलन प्रारंभ हुआ। धर्मनिरपेक्ष राज्य के रूप में अमेरिका विश्व का प्रथम देश बना। 

 अमेरिकी क्रांति ने फ्राँसीसी समाज को प्रभावित कर उसे भी क्रांति के लिये प्रेरित किया। शेष यूरोप व दक्षिण अमेरिका में भी उपनिवेशवाद का विरोध शुरू हो गया। 

निष्कर्षतः यह कहा जा सकता है कि अमेरिकी स्वतंत्रता संग्राम विश्व इतिहास की महत्त्वपूर्ण घटना थी।