Tuesday 28 March 2017

वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक, 2017

प्रतिभा को नई चमक देने में प्रौद्योगिकी के प्रयोग का महत्व तीव्र गति से बढ़ा है। प्रौद्योगिकी के प्रयोग ने मानवीय प्रतिभा को अनेक तरीकों से प्रभावित किया है। लोक-जीवन के विभिन्न स्तरों पर मानवीय सेवाओं को प्रौद्योगिकी से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। इससे एक ओर जहां रोजगार के अवसरों में कमी आई है, वहीं दूसरी ओर गुणवत्ता-युक्त रोजगार के अवसरों में वृद्धि भी हो रही है।
‘वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक, 2017’ (Global Talent Competitiveness Index : GTCI, 2017) प्रौद्योगिकी के प्रयोग द्वारा प्रतिभा प्रतिस्पर्धा और कार्य की प्रकृति पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण करता है।
  • 16 जनवरी, 2017 को चौथे ‘वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक, 2017’ को दावोस (Davos), स्विट्जरलैंड में लांच किया गया।
  • इस सूचकांक का प्रकाशन वर्ष 2013 से प्रत्येक वर्ष ‘इनसीड’ (INSEAD) बिजनेस स्कूल द्वारा सिंगापुर के ‘ह्यूमन कैपिटल लीडरशिप इंस्टीट्यूट’ (Human Capital Leadership Institute) और ‘एडिको ग्रुप’ (Adecco Group) के सहयोग से किया जा रहा है।
  • इस वर्ष के सूचकांक का विषय-‘प्रतिभा एवं प्रौद्योगिकी : कार्य के भविष्य को आकार देने में संलग्न’ (Talent and Technology : Shaping the Future of Work) है।
  • वैश्विक प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक (GTCI), 2017 में 118 देशों को शामिल किया गया है, जबकि गत वर्ष इनकी संख्या 109 थी।
  • विभिन्न देशों को निम्नलिखित 6 वर्गों में अर्जित अंकों के आधार पर रैंक प्रदान की गई है- (1) सक्षमता (Enable), (2) आकर्षण (Attract), (3) वृद्धि (Growth), (4) बनाए रखना (Retain), (5) व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल (Vocational and Technical Skills) और (6) सामान्य ज्ञान कुशलता (G.K. Skills)।
  • इस सूचकांक में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले देश इस प्रकार हैं- (1) स्विट्जरलैंड, (2) सिंगापुर, (3) यूनाइटेड किंगडम, (4) संयुक्त राज्य अमेरिका और (5) स्वीडन।
    इस सूचकांक में निम्नतम पांच स्थान प्राप्त करने वाले देश इस प्रकार हैं- (118) मेडागास्कर, (117) बुर्कीना फासो, (116) जिम्बाब्वे, (115) मोजाम्बिक एवं (114) तंजानिया।
  • GTCI, 2017 में भारत 35.65 अंकों के साथ 92वें स्थान पर है, जबकि गत वर्ष यह 89वें स्थान पर था।
  • ब्रिक्स के अन्य देशों का स्थान इस प्रकार है- (54) चीन, (56) रूस, (67) दक्षिण अफ्रीका और (81) ब्राजील।
  • भारत के पड़ोसी देशों का स्थान इस प्रकार है- (82) श्रीलंका, (98) भूटान, (111) पाकिस्तान और (113) बांग्लादेश।
  • इस वर्ष GTCI के साथ ही प्रथम वैश्विक शहर प्रतिभा प्रतिस्पर्धा सूचकांक (GCTCI), 2017 का भी प्रकाशन किया गया।
  • इस सूचकांक में कुल 46 शहरों को शामिल किया गया है।
  • GCTCI, 2017 में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले शहर इस प्रकार हैं- (1) कोपेनहेगन (डेनमार्क), (2) ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड), (3) हेलसिंकी (फिनलैंड), (4) सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका) और (5) गुटेनबर्ग (स्वीडन)।
  • इस सूचकांक में चीन के शंघाई शहर को 37वां, जबकि भारत के मुंबई शहर को 44वां स्थान प्राप्त हुआ है।