Wednesday 5 April 2017

प्रथम हिंद महासागर रिम संघ शिखर सम्मेलन

हिंद महासागरीय क्षेत्र के देशों में आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत, ऑस्ट्रेलिया, केन्या, मॉरीशस, ओमान, सिंगापुर तथा दक्षिण अफ्रीका, जिन्हें ‘कोर ग्रुप स्टेट्स’ कहा गया, की पहल पर 7 मार्च, 1997 को ‘हिंद महासागर रिम संघ’ (आईओआरए) की स्थापना की गई। वर्तमान में इसमें 21 सदस्य देश तथा 7 संवाद भागीदार (Dialogue Partner) शामिल हैं। भारत के के.वी. भगीरथ आईओआरए के महासचिव हैं। इसका मुख्यालय साइबर सिटी, इबेन, मॉरीशस में है।
  • 5-7 मार्च, 2017 के मध्य आईओआरए के नेताओं के प्रथम शिखर सम्मेलन (First Leader’s Summit) का आयोजन इंडोनेशिया के जकार्ता में किया गया।
    7 मार्च को आईओआरए की स्थापना की 20वीं वर्षगांठ मनाई गई।
  • इस शिखर सम्मेलन का मुख्य विषय ‘एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर के लिए समुद्री सहयोग को सुदृढ़ बनाना’ (Strengthening Maritime Co-operation for a Peacefull, Stable and Prosperous Indian Ocean ) था।
  • आईओआरए शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने किया।
  • सम्मेलन में हिंद महासागर रिम संघ के 21 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों तथा 7 संवाद भागीदारों ने भाग लिया।
  • शिखर सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के नेताओं द्वारा, पहली बार आईओआरए समझौता (IORA Concord) जिसे जकार्ता समझौता (Jakarta Concord) कहा गया, पर हस्ताक्षर किया गया।
  • इसमें सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ाने के लिए आईओआरए दृष्टिकोण (IORA Vision) को वर्णित किया गया है।
  • मंत्रिपरिषद की बैठक में हिंसक चरमपंथ एवं आतंकवाद को रोकने से संबंधित आईओआरए घोषणा-पत्र तथा अगले पांच वर्षों के लिए आईओआरए कार्ययोजना (IORA Action Plan) को अंगीकृत किया गया।
  • 20 वर्षों की यात्रा से संबंधित फोटो प्रदर्शनी तथा ‘अतीत से सीखना, भविष्य को चुनना’ (Learning to the Past, Charting the Future) नामक पुस्तक का अनावरण किया गया।
  • शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने किया।
  • भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री डॉ. वी.के. सिंह ने मंत्रिपरिषद की बैठक में तथा विदेश मामलों के मंत्रालय में सचिव अमर सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों की समिति में वार्ता का नेतृत्व किया।
  • शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भारत के किसी एक तटीय शहर में ‘आईओआरए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (आईसीई) स्थापित करने की पेशकश की।
  • ध्यातव्य है कि 20 जनवरी, 2017 को भारत ने आईओआरए के सदस्य देशों के मध्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग संबंधी समझौता-ज्ञापन को अंतिम रूप दिया जो कि पांच सदस्य देशों के हस्ताक्षर के पश्चात प्रत्येक सदस्य देश पर लागू हो जाएगा।
  • हिंद महासागर रिम संघ के 21 सदस्य देश क्रमशः हैं-भारत, ऑस्ट्रेलिया, केन्या, मॉरीशस, ओमान, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, कॉमोरोस, इंडोनेशिया, ईरान, मेडागास्कर, मलेशिया, मोजाम्बिक, सेशेल्स, सोमालिया, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात तथा यमन।